akhbaar update

मेडिकल कॉलेज परिसर में इलेक्ट्रिशियन से मारपीट, तीन युवकों ने स्कूटर और मोबाइल लूटा

 


जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में एक इलेक्ट्रिशियन के साथ मारपीट कर स्कूटर और मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन अज्ञात युवकों ने गाली-गलौज करने के बाद उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना में इलेक्ट्रिशियन के सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। गढ़ा पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्कूटर ले जाने से रोकने पर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, हनुमानताल निवासी कमलेश अहिरवार इलेक्ट्रिशियन का काम करता है। उसने शिकायत में बताया कि 21 सितंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपनी एक्सिस स्कूटर से मुकुनवारा गया था। रात करीब 10:30 बजे वह मेडिकल कॉलेज के गेट के पास पहुंचा और परिसर के अंदर अपने स्कूटर पर बैठा था।

इसी दौरान एक युवक आया और उसका स्कूटर लेकर जाने लगा। कमलेश ने उसे रोकने की कोशिश की तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

तीन युवकों ने की मारपीट

आरोप है कि कुछ ही देर में पहले युवक के दो साथी भी वहां पहुंच गए। तीनों ने कमलेश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद आरोपी उसका एक्सिस स्कूटर और मोबाइल फोन छीनकर भाग गए।

मोबाइल कवर में रखे थे रुपये

कमलेश ने पुलिस को बताया कि उसके मोबाइल के कवर में कुछ रुपये भी रखे हुए थे, जिन्हें आरोपी अपने साथ ले गए। घटना के दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में घायल होने के बाद उसने पुलिस से शिकायत की।

गढ़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp