धार। कुक्षी में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 26 वर्षीय युवक से 93,499 रुपये ऐंठ लिए गए। ठगों ने खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और वीडियो यूट्यूब व सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दी। वीडियो हटाने के नाम पर युवक को अलग-अलग क्यूआर कोड भेजकर लगातार भुगतान कराया गया।
पहले 2500, फिर बढ़ती गई रकम
मामला कुक्षी के सुतार मोहल्ले का बताया गया है। पुलिस के अनुसार सिर्वी मोहल्ला रामचौक निवासी रितिक पिता राजेश चोयल की दुकान पर 6 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच एक अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल आया।
कॉल करने वाले ने खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच से जुड़ा बताया और युवक को अश्लील वीडियो के नाम पर डराया। उससे कहा गया कि वीडियो सोशल मीडिया और यूट्यूब पर वायरल कर दिया जाएगा। इसे हटाने के लिए क्यूआर कोड के जरिए पैसे जमा करने को कहा गया।
डर के कारण बार-बार भेजे पैसे
युवक ने शुरुआत में 2500 और 5000 रुपये जमा किए। इसके बाद ठगों ने फिर रकम की मांग की। युवक ने डर के चलते अलग-अलग बार में 19 हजार, 19,999, 27 हजार और 20 हजार रुपये और भेज दिए।
इस तरह कुल 93,499 रुपये खाते से चले गए। इसके बाद भी आरोपी फोन कर और पैसे जमा करने का दबाव बनाते रहे। युवक को यह भी कहा गया कि भुगतान की गई रकम 24 घंटे के भीतर वापस कर दी जाएगी, लेकिन पैसे वापस नहीं आए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
ठगी का एहसास होने के बाद युवक ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस के अनुसार जीरो एफआईआर क्रमांक 668/2026 के आधार पर कुक्षी थाने में प्रकरण क्रमांक 411/26 दर्ज किया गया है।
मामले में बीएनएस की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।