akhbaar update

माढ़ोताल में कार से 251 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

 


दूसरी जगह शराब शिफ्ट करने की तैयारी में थे आरोपी

जबलपुर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में माढ़ोताल पुलिस ने ग्राम बसा में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बिना नंबर की कार में रखी 251 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 2 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक माढ़ोताल बीएस गौठरिया के मार्गदर्शन में पुलिस टीम को शराब की सूचना मिली।

माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार के अनुसार 15 सितंबर की रात मुखबिर ने सूचना दी कि ग्राम बसा में प्रियांश अग्निहोत्री के घर के सामने सड़क पर एक कार में बड़ी मात्रा में शराब रखी हुई है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। वहां प्रियांश अग्निहोत्री अपने साथी आशुतोष उर्फ चुंगा यादव के साथ कार के पास खड़ा मिला। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया।

कार और पोर्च में रखी थी शराब

पूछताछ में आरोपियों की पहचान प्रियांश अग्निहोत्री (28), निवासी ग्राम बसा और आशुतोष उर्फ चुंगा यादव (22), निवासी ग्राम मड़ई, रांझी के रूप में हुई।

पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें 19 कार्टून रखे मिले। इनमें रॉयल स्टैग, रॉयल स्टैग बैरल सिलेक्ट, ब्लेंडर्स प्राइड, मैजिक मोमेंट्स, मैकडॉवेल्स, 8 पीएम, आइकोनिक व्हाइट, रॉयल चैलेंज, बैगपाइपर और ऑफिसर्स चॉइस सहित अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब मिली।

इसके अलावा कार के पोर्च में रखे एक बड़े काले थैले से भी शराब की बोतलें बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक कार और थैले से कुल 251 बोतल अंग्रेजी शराब मिली।

10 दिन पहले शराब मंगाने की बात

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब 10 दिन पहले उन्होंने बिक्री के लिए ग्वारीघाट निवासी अर्जुन केवट से अंग्रेजी शराब की 25 पेटियां मंगवाई थीं। पुलिस के अनुसार आशुतोष ने अर्जुन केवट की सफेद रंग की बिना नंबर की कार से शराब ग्राम बसा पहुंचाई थी।

आरोपियों ने बताया कि पुलिस की लगातार गश्त को देखते हुए शराब को दूसरी जगह ले जाने की तैयारी थी। इसी के लिए आशुतोष को बुलाया गया था। उसके आने के बाद कार में 19 पेटियां रख दी गई थीं, जबकि कुछ शराब वाला काला थैला पोर्च में ही रह गया था।

कार, मोबाइल और शराब जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 251 बोतल शराब, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और शराब के परिवहन में इस्तेमाल कार जब्त की है। पुलिस के अनुसार कार पर अंग्रेजी में “एमपी हाईकोर्ट” लिखा नंबर प्लेट भी लगी थी, जिस पर एमपी 20 जेडएच 1055 दर्ज था।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp