akhbaar update

विदिशा में सराफा कारोबारी को गोली मारकर 30 किलो चांदी और सोने के जेवर लूटे

 



विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में बुधवार रात हथियारबंद बदमाशों ने एक सराफा कारोबारी को गोली मारकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल कारोबारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार रायसेन गेट निवासी संजय सोनी अपने बेटे यश सोनी के साथ पीपलधार के साप्ताहिक बाजार से बाइक से घर लौट रहे थे। पट्टन गांव के आगे तीन नकाबपोश बदमाश बाइक से उनका पीछा करते हुए पहुंचे और आभूषणों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। छीना-झपटी में पिता-पुत्र बाइक से गिर पड़े। विरोध करने पर बदमाशों ने संजय सोनी पर गोली चला दी, जो उनके हाथ में लगी। बेटे यश के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और बैग लेकर फरार हो गए।

पीड़ित के अनुसार बैग में करीब 30 किलो चांदी के जेवर, 30 ग्राम सोने के आभूषण, 25 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान रखा था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल संजय सोनी को अस्पताल पहुंचाया गया।

यश सोनी ने पुलिस को बताया कि तीनों आरोपी पूरी योजना के साथ आए थे। एक बदमाश ने मास्क पहन रखा था, दूसरे ने सफेद तौलिये से चेहरा ढक रखा था, जबकि लाल शर्ट पहने आरोपी ने गोली चलाई। बाइक चला रहे युवक ने काली शर्ट पहन रखी थी और बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। साथ ही संभावित भागने के सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर वाहनों और संदिग्ध लोगों की सघन जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp