akhbaar update

सिहोरा में दर्दनाक सड़क हादसा: लोडिंग वाहन ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत

 




जबलपुर - सिहोरा थाना क्षेत्र में इंद्राना-पनागर रोड पर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम पुरैना के पास ईंट लेकर जा रहे लोडिंग वाहन ने बाइक सवार 35 वर्षीय रविंद्र सिंह को टक्कर मार दी। हादसे में रविंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया गया कि रविंद्र सिंह फुलकी का ठेला लगाते थे। रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए वह राखी और रुमाल खरीदकर दुकान लगाने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे लोडिंग वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद रविंद्र बाइक समेत वाहन में फंस गए और चालक उन्हें कुछ दूर तक घसीटता हुआ ले गया।

हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताते हुए सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।

प्रदर्शन के कारण करीब एक घंटे तक इंद्राना-पनागर रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने फरार लोडिंग वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp