जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में घरों पर सुअरमार बम फेंककर दहशत फैलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जगदंबा नगर, महाराजपुर निवासी 18 वर्षीय शिवा रजक ने शिकायत दर्ज कराई कि 5 अगस्त की रात करीब 11 बजे वह अपने घर पर था। इसी दौरान बाहर से गाली-गलौज की आवाज आने पर वह बाहर निकला। उसने देखा कि शिवेंद्र ठाकुर उर्फ बूची, सागर यादव, निहाल कोरी, आदि विश्वकर्मा और उदय पांडे उसके नाम से गाली-गलौज कर रहे थे।
शिकायतकर्ता के मुताबिक विरोध करने पर सागर यादव और शिवेंद्र ठाकुर ने उसके घर के बाहर लगातार दो सुअरमार बम फेंके। बम घर की दीवार से टकराकर फट गए। घटना के बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
इसी दौरान पड़ोसी शिवनारायण विश्वकर्मा भी बाहर आए और उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उनके घर के बाहर भी गाली-गलौज करते हुए तीन सुअरमार बम फेंके। धमाके से घर की दीवार पर लगी टाइल्स और गेट में लगी फाइबर शीट क्षतिग्रस्त हो गई।
अधारताल थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।