जबलपुर। बरेला-मंडला मार्ग पर रविवार-सोमवार की दरमियानी रात हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने अतुलित फिलिंग स्टेशन में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बिना नंबर की गहरे नीले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे करीब छह से सात बदमाशों ने तमंचे और रिवॉल्वर की नोक पर पेट्रोल पंप के कर्मचारी से नकदी छीन ली और कार्यालय में रखा कैश भी लूटकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी।
रात ढाई बजे स्कॉर्पियो से पहुंचे बदमाश
वारदात रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। उस समय कर्मचारी लखन सोयाम और अभिषेक पटेल पेट्रोल डालने के लिए वाहन के पास पहुंचे थे। इसी दौरान बिना नंबर की गहरे नीले रंग की स्कॉर्पियो पेट्रोल पंप पर आकर रुकी। कार से छह-सात नकाबपोश बदमाश हथियार लेकर नीचे उतरे और कर्मचारियों को धमकाने लगे।
बदमाशों ने लखन सोयाम को पकड़ लिया और उसकी जेब में रखे करीब 10 हजार रुपये छीन लिए। यह देखकर अभिषेक पटेल दीवार फांदकर मौके से भाग गया।
ऑफिस का लॉक तोड़कर 85 हजार रुपये लूटे
बदमाश लखन को धमकाते हुए पेट्रोल पंप के कार्यालय में ले गए। इसके बाद उन्होंने कांच के दरवाजे का लॉक तोड़ा और अंदर रखे कैश बॉक्स से करीब 85 हजार रुपये निकाल लिए। करीब 10 हजार रुपये कर्मचारी की जेब से और 85 हजार रुपये कार्यालय से लूटने के बाद बदमाश स्कॉर्पियो में बैठकर मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की पूरी गतिविधि कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस और मनेरी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने आसपास के थानों को भी घटना की जानकारी दी है। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है।