जबलपुर। माढ़ोताल थाना पुलिस ने 66 वर्षीय बुजुर्ग से हुई लूट की वारदात का तीन घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नकदी, दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई की रात करीब 9 बजे मुन्नालाल पटेल फल और सब्जी खरीदकर घर लौट रहे थे। जब वह मां रेवा कॉलोनी मोड़ के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोककर उनकी जेब से सैमसंग मोबाइल, पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों से भरी डायरी तथा 1,150 रुपये नकद छीन लिए। वारदात के बाद आरोपी चुंगी नाका की ओर भाग गए।
सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रात करीब 12 बजे तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राहुल चौधरी (24), अभिषेक चौधरी (22) और सुमित उर्फ अन्नू चौधरी (20) निवासी राजीव गांधी नगर, माढ़ोताल बताया। पूछताछ के दौरान तीनों ने लूट की वारदात करना स्वीकार कर लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ ने बताया कि आरोपियों से लूटा गया मोबाइल, नकदी, दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली गई है। उन्होंने बताया कि सुमित उर्फ अन्नू चौधरी के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा गया है, जबकि अन्य दोनों आरोपी नशे के आदी बताए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।