जबलपुर। बेलबाग थाना क्षेत्र के बाई का बगीचा इलाके में रविवार को दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की वारदात में एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने युवक पर चाकू से हमला किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। आसपास मौजूद लोगों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुलिस की अलग-अलग टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच के बाद ही हत्या की वजह और वारदात में शामिल आरोपियों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।