akhbaar update

मॉडीफाइड साइलेंसर वाली बुलेट रोकने पर युवक ने किया हंगामा, पुलिस थाने ले गई

 




जबलपुर। मॉडीफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान गुरुवार रात बलदेवबाग चौराहे पर एक युवक पुलिस से उलझ गया। पुलिस ने तेज आवाज कर रही बुलेट मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका था। इस दौरान युवक बहस करने लगा, जिसके बाद पुलिस उसे बाइक सहित थाने ले गई।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 8 बजे बलदेवबाग चौराहे पर वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान तेज आवाज कर रही एक बुलेट को रोका गया। जांच के दौरान बाइक में मॉडीफाइड साइलेंसर लगा मिला।

बताया गया कि पुलिस जब युवक से पूछताछ कर रही थी, तभी उसने बहस शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद उसे लॉर्डगंज थाने ले जाया गया।

पुलिस ने युवक की पहचान 18 वर्षीय भावेश रजक, निवासी संगम कॉलोनी, उखरी चौकी के पास के रूप में की है।

लॉर्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि युवक के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन और पुलिस से अभद्र व्यवहार करने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने कहा है कि शहर में मॉडीफाइड साइलेंसर, तेज आवाज करने वाले वाहनों और यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update