akhbaar update

गांजा बेचने की फिराक में युवक गिरफ्तार, पुलिस ने 1.9 किलो मादक पदार्थ किया जब्त

 







जबलपुर।  नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाटन थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक युवक को करीब दो किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थ के अलावा नकदी, मोबाइल फोन और बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक  सूचना मिली थी कि एक युवक मनकेड़ी रोड स्थित बंजारी माता मंदिर के पास ग्राहक का इंतजार कर रहा है और गांजा बेचने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विष्णु उर्फ रंजीत गौड़ (22) निवासी ग्राम भरदा, थाना बेलखेड़ा बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 1 किलो 924 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा 200 रुपये नकद, एक सैमसंग मोबाइल फोन और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक भी जब्त की गई। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 96 हजार 200 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा  के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पाटन थाना पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई में चौकी नुनसर प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश धुर्वे, आरक्षक अनुराग रैकवार, रामगोपाल कुर्मी, गंगाराम और रिंकू यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update