akhbaar update

गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में चाकूबाजी, रेलकर्मियों पर हमला, तीन घायल

 


भोपाल। गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में शनिवार को दो कथित अवैध वेंडरों द्वारा रेलकर्मियों पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना भदभदा और सूखी सेवनिया रेलवे स्टेशन के बीच हुई, जिसमें तीन रेल कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक कर्मचारी की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, आरोपियों की पहचान जितेंद्र खटीक और अंकित सुपारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों कथित अवैध वेंडर रेल कर्मचारियों पर अपने अवैध किचन का खाना खरीदने का दबाव बना रहे थे। कर्मचारियों द्वारा मना करने पर दोनों ने पहले विवाद किया और फिर चाकुओं से हमला कर दिया।

हमले में विजय कुमार, आनंद कुमार और किशन घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां विजय कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी भोपाल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जीआरपी थाना प्रभारी जहीर खान ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद ट्रेनों में सक्रिय अवैध वेंडरों की गतिविधियों और रेल यात्रियों व कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रेलवे सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की बात कही गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update