डिंडौरी। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के आमगांव में 24 घंटे के भीतर दो नाबालिग रिश्तेदारों की मौत से पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। दोनों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पहला मामला 15 वर्षीय किशोर का है, जो कक्षा 9वीं का छात्र था। बताया गया कि वह पिछले तीन दिनों से किसी दस्तावेज संबंधी काम के लिए अमरपुर जा रहा था। परिजनों के अनुसार, 11 जुलाई की रात उसने खाना नहीं खाया था। अगले दिन सुबह जब उसकी मां उसे जगाने पहुंचीं, तो वह मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शाम को गांव में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
अंतिम संस्कार के कुछ घंटे बाद दूसरी मौत
जांच में सामने आया है कि मृतक किशोर की एक नाबालिग रिश्तेदार भी उसके अंतिम संस्कार में शामिल हुई थी। परिजनों का कहना है कि वह भाई की मौत से बेहद दुखी थी और पूरे समय रोती रही। अंतिम संस्कार से लौटने के करीब एक घंटे बाद जब परिवार के लोग घर पहुंचे, तो वह भी मृत मिली। शुरुआती जांच में उसके द्वारा भी फांसी लगाने की आशंका जताई जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
लगातार हुई इन दो मौतों से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।