akhbaar update

सेंट एलॉयसियस स्कूल में धर्म परिवर्तन के आरोप पर हंगामा, पुलिस की मौजूदगी में हुआ प्रदर्शन

   


जबलपुर। कैंट थाना क्षेत्र स्थित सेंट एलॉयसियस स्कूल में मंगलवार को धर्म परिवर्तन के आरोपों को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता स्कूल परिसर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान स्कूल के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके दौरान धक्का-मुक्की हुई। हंगामे के बीच स्कूल परिसर में तोड़फोड़ की भी सूचना है।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्कूल में कार्यरत कुछ हिंदू कर्मचारियों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने वाले कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। इसी शिकायत के आधार पर संगठन के कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे और विरोध दर्ज कराया।

कर्मचारी ने लगाए गंभीर आरोप

स्कूल में कार्यरत सफाई कर्मचारी राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि वह पिछले 12 वर्षों से स्कूल में काम कर रहा है। उसके अनुसार, पिछले तीन महीनों से उस पर चर्च जाकर पूजा करने और धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया जा रहा था। उसने यह भी दावा किया कि रविवार और सरकारी अवकाश के दिन भी उससे काम कराया जाता था। राजेश का कहना है कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने के बाद उसे बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के नौकरी से हटा दिया गया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही कैंट, गोरा बाजार और गोरखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को स्कूल परिसर से बाहर किया और शांति व्यवस्था बहाल कराई।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं, हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में इस तरह की शिकायतें दोबारा सामने आईं तो वे फिर आंदोलन करेंगे। फिलहाल पुलिस सभी पक्षों के बयान लेकर पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update