जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम गाड़ाघाट में पुलिस और कृषि विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक घर से 22 बोरी कथित नकली खाद जब्त की है। आरोप है कि आरोपी किसानों को इफको कंपनी के नाम पर कथित नकली खाद बेच रहा था। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पाटन थाना पुलिस के अनुसार, किसानों से शिकायत मिली थी कि ग्राम गाड़ाघाट निवासी प्रकाश बर्मन अपने घर से कथित नकली खाद बेच रहा है। किसानों का कहना था कि इस खाद का उपयोग करने से उनकी फसल को नुकसान पहुंचा है, जिसके बाद मामले की जानकारी कृषि विभाग को दी गई।
संयुक्त टीम ने घर पर दी दबिश
शिकायत मिलने के बाद कृषि विभाग की एसडीओ इंदिरा त्रिपाठी और पाटन थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह आरोपी के घर पर छापामार कार्रवाई की। तलाशी के दौरान वहां से 22 बोरी कथित नकली खाद बरामद हुई, जिसे जब्त कर लिया गया।
खाद के नमूनों की होगी जांच
पुलिस और कृषि विभाग ने आरोपी प्रकाश बर्मन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जब्त खाद के नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही किसानों से भी अपील की गई है कि खाद और बीज केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें और किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचना दें।