akhbaar update

गुजरात में महिला की संदिग्ध मौत, मां ने पति पर हत्या का लगाया आरोप

 





जबलपुर। गुजरात के वलसाड में ट्रेन से कटकर 32 वर्षीय महिला की हुई मौत ने नया मोड़ ले लिया है। मृतका की मां अस्थियां और दोनों बच्चों को लेकर जबलपुर पहुंचीं और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए दामाद पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है।

शिकायत में कहा गया है कि यह हादसा या आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। मृतका की मां लक्ष्मी नामदेव का आरोप है कि उनके दामाद ने कंपनी के बाहर बेटी के साथ मारपीट की और जबरन रेलवे ट्रैक तक ले जाकर ट्रेन के सामने धक्का दे दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दामाद और उसके परिजन बच्चों को नुकसान पहुंचाने और अस्थियां छीनने की धमकी दे रहे हैं।

मृतका पिंकी नामदेव का वर्ष 2014 में महेंद्र नामदेव से प्रेम विवाह हुआ था। बेहतर रोजगार की तलाश में दोनों वर्ष 2018 में गुजरात के वलसाड चले गए थे, जहां वे एक निजी कंपनी में काम करते थे। परिजनों का आरोप है कि पति की शराब की लत के कारण पारिवारिक विवाद बढ़ गए थे और वह पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट करता था।

परिवार के अनुसार 30 जून की शाम पिंकी ड्यूटी खत्म कर कंपनी से बाहर निकली थी, जहां उसका पति पहले से मौजूद था। आरोप है कि उसने पिंकी के साथ मारपीट कर उसे रेलवे ट्रैक तक ले जाकर धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। अगले दिन रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला।

मृतका की मां ने जबलपुर पहुंचकर सुरक्षा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि गुजरात पुलिस से संपर्क किया गया है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। यदि जांच में हत्या या आपराधिक साजिश के प्रमाण मिलते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update