जबलपुर। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में 15 लाख रुपये के कथित नकली नोटों का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। एक महिला ने रेत कारोबारी पर असली नोटों की गड्डियों के बीच नकली नोट रखकर रकम देने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में की गई है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़िता गायत्री लोधी के अनुसार, रेत कारोबारी आनंद सिंह के साथ उनका पुराना लेन-देन रहा है। उन्होंने बताया कि 27 जून को आनंद सिंह ने फोन कर कहा था कि वह अपने परिचितों आर्यन और अनुज के जरिए 15 लाख रुपये भेज रहा है। पुराने संबंधों और भरोसे के चलते उन्होंने बिना गिनती और जांच किए रुपये स्वीकार कर लिए।
महिला का आरोप है कि अगले दिन जब वह डाकघर में राशि जमा कराने पहुंचीं तो जांच के दौरान पता चला कि गड्डियों के ऊपर और नीचे रखे नोट असली थे, जबकि बीच में बड़ी संख्या में कथित नकली नोट रखे गए थे। इसके बाद उन्होंने आनंद सिंह से संपर्क किया, लेकिन आरोप है कि उसने बात सुनने के बजाय अभद्र व्यवहार किया और धमकी दी।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी क्षेत्र का प्रभावशाली कारोबारी है, जिसके चलते स्थानीय स्तर पर उनकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने 29 जून को एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
वहीं, आनंद सिंह ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने जो राशि भेजी थी, वह पूरी तरह असली थी और उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि कथित नकली नोट कहां से आए।
एसपी कार्यालय के निर्देश पर डीएसपी भगत सिंह गठोरिया ने बेलखेड़ा थाना पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नोटों की गड्डियों में कथित नकली नोट कब और किसके द्वारा रखे गए। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।