akhbaar update

ब्रांडेड स्लाईडर्स के नाम पर फर्जीवाड़ा, 592 जोड़ी नकली चप्पल जब्त

 




जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में पूमा कंपनी के नाम से नकली स्लाईडर्स (चप्पल) बेचने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली की एक लॉ फर्म की शिकायत पर पुलिस ने दो थोक दुकानों पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में नकली सामान जब्त किया है। मामले में दो दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस को शिकायत मिली थी कि शहर की कुछ दुकानों में पूमा कंपनी के ट्रेडमार्क का इस्तेमाल कर हूबहू दिखने वाले नकली स्लाईडर्स बेचे जा रहे हैं। इससे कंपनी की साख को नुकसान पहुंच रहा है और ग्राहकों को भी भ्रमित किया जा रहा है।

शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने तुलाराम चौक स्थित मैडम फुटवेयर और अंधेरदेव इलाके में स्थित आर.के. फुटवेयर पर दबिश दी। जांच के दौरान दोनों दुकानों से पूमा कंपनी के लोगो वाले बड़ी संख्या में नकली स्लाईडर्स बरामद किए गए।

पुलिस ने पंकज खत्री और आवेद अली को हिरासत में लिया है। दोनों दुकानों से कुल 592 जोड़ी नकली स्लाईडर्स जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.77 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने जब्त सामान को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद शहर के फुटवेयर कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update