akhbaar update

भीषण सड़क हादसा: ट्रॉले ने ईको को 500 मीटर तक घसीटा, महिलाएं और बच्चे घायल



जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुरु पिपरिया के पास तेज रफ्तार ट्रॉले और ईको वाहन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉला ईको को करीब 500 मीटर तक घसीटता हुआ सड़क किनारे खेत में जा पहुंचा। हादसे में ईको सवार महिलाओं, बच्चों और चालक को गंभीर चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, ट्रॉला क्रमांक एचआर-38-एएल-3399 जबलपुर से लोहे के गर्डर लेकर पाटन की ओर जा रहा था। इसी दौरान पाटन से जबलपुर की ओर आ रही ईको कार सामने से आ रहे ट्रॉले की चपेट में आ गई। ईको वाहन में चालक सहित करीब 8 से 10 महिलाएं और बच्चे सवार थे।

टक्कर के बाद वाहन में फंसा चालक

हादसे के बाद ईको वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन को काटकर चालक को बाहर निकाला। हादसे में घायल महिलाओं और बच्चों सहित अन्य सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और ट्रॉला चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update
💬 WhatsApp