अजमेर से चाकू लाकर जबलपुर में बेच रहा था युवक, 6 आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर। अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच के साथ अधारताल, रांझी और पनागर थाना पुलिस की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर आरोपियों के कब्जे से कुल 49 चाइना चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई 19 जुलाई की रात करीब 2 बजे शुरू हुई। क्राइम ब्रांच और अधारताल थाना पुलिस की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान एसबीआई बैंक के पास एक युवक प्लास्टिक का थैला लेकर संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने उसे पकड़कर तलाशी ली तो थैले से 38 चाइना चाकू बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अभिषेक उर्फ छिंगा पटेल (22) निवासी वेलकम कॉलोनी, महाराजपुर बताया। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि उसने यूट्यूब के माध्यम से अजमेर के एक व्यक्ति से संपर्क किया था। इसके बाद वह अजमेर रेलवे स्टेशन गया और वहां से 60 चाकू खरीदकर जबलपुर लाया था। इनमें से कुछ चाकू उसने अपने परिचितों को दे दिए थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी 200 रुपए में चाकू खरीदकर उन्हें करीब 1000 रुपए में बेचता था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह पहले भी अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में पकड़ा जा चुका है।
अधारताल से दो आरोपी पकड़े गए
अधारताल थाना क्षेत्र में पुलिस ने पचमठा रोड से अभिषेक कोल (22) निवासी पुरानी बस्ती महाराजपुर को 6 चाइना चाकू के साथ गिरफ्तार किया। वहीं पेट्रोल पंप के पीछे से आकाश उर्फ काला (21) निवासी पुरानी बस्ती महाराजपुर को 2 चाइना चाकू के साथ पकड़ा गया।
रांझी में भी कार्रवाई
रांझी थाना पुलिस ने सरस्वती स्कूल के पीछे से साहिल केवट (19) को एक चाइना चाकू के साथ गिरफ्तार किया। इसके अलावा जूनियर क्लब के सामने वीएफजे में कार्रवाई कर गगन रैकवार (25) निवासी मस्जिद के पीछे मड़ई, रांझी को भी एक चाइना चाकू के साथ पकड़ा गया।
पनागर में भी युवक गिरफ्तार
पनागर थाना क्षेत्र में फूटाताल रोड स्थित सरकारी कॉलेज के पास से मुन्ना उर्फ साहिल बर्मन निवासी मौलाना वार्ड को एक चाइना चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया।
सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब अजमेर से चाकू लाने वाले नेटवर्क और जबलपुर में इनकी बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।