akhbaar update

स्कूटी की डिक्की में मिली पिस्टल से चली गोली, युवक के हाथ में लगी; हथियार मिलने से इलाके में सनसनी

 




जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के कृपाल चौक में शनिवार दोपहर एक हैरान करने वाला हादसा सामने आया। पड़ोसी की स्कूटी की डिक्की में रखी पिस्टल अचानक चलने से 20 वर्षीय युवक शुभम ठाकुर घायल हो गया। गोली उसके हाथ में लगी, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए नेताजी सुभाषचंद्र मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, शुभम ठाकुर अपने पड़ोसी मित्र की एक्सिस स्कूटी लेकर गैस सिलेंडर भरवाने गया था। घर पहुंचने के बाद जब उसने गैस एजेंसी की पासबुक रखने के लिए स्कूटी की डिक्की खोली तो उसमें एक पिस्टल रखी हुई दिखाई दी। हथियार देखकर घबराए शुभम ने उसे हटाने की कोशिश की, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली उसके हाथ में लग गई।

गोली चलने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। युवक को खून से लथपथ हालत में देखकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। अधिक रक्तस्राव और बेहोशी के कारण पुलिस अभी घायल युवक के बयान दर्ज नहीं कर सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पिस्टल को जब्त कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्कूटी की डिक्की में हथियार किसने और क्यों रखा था। इसके लिए स्कूटी मालिक और शुभम के मित्र से भी पूछताछ की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि घटना लापरवाही का परिणाम है या फिर इसके पीछे अवैध हथियारों से जुड़ा कोई मामला है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update