akhbaar update

पाटन मंडी में अनोखी चोरी: मूंग से भरा ट्रक ले गए चोर, अनाज गायब कर खाली वाहन लौटाया

 



जबलपुर। पाटन कृषि उपज मंडी में चोरी की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। बदमाश किसानों से खरीदी गई करीब 80 क्विंटल मूंग से भरे ट्रक को रात के अंधेरे में मंडी से बाहर ले गए। इसके बाद आरोपियों ने अनाज को दूसरे वाहन में उतार लिया और खाली ट्रक को वापस उसी स्थान पर खड़ा कर दिया। चोरी गई मूंग की कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पाटन निवासी अनाज व्यापारी विकास अग्रवाल ने किसानों से 134 बोरी मूंग खरीदी थी। माल से भरे ट्रक को अगले दिन जबलपुर भेजा जाना था, इसलिए सुरक्षा के लिहाज से उसे मंडी परिसर में खड़ा किया गया था। लेकिन 16 जून की सुबह जब व्यापारी मंडी पहुंचे तो ट्रक अपनी जगह पर खड़ा मिला, मगर उसमें रखी पूरी मूंग गायब थी।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात

घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मंडी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में रात करीब 1 बजे से 2 बजे के बीच कुछ संदिग्ध ट्रक को मंडी से बाहर ले जाते दिखाई दिए। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से ट्रक को बाहर ले जाकर अनाज उतारा और फिर खाली वाहन को मंडी में वापस खड़ा कर दिया।

चौकीदारों की मौजूदगी पर उठे सवाल

मंडी प्रबंधन के अनुसार परिसर की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे चौकीदार तैनात रहते हैं। घटना वाली रात भी सुरक्षा कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद थे, लेकिन उनके गश्त पर रहने के दौरान बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया। इस घटना के बाद मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

पाटन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई मूंग बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update