सिवनी। जिले के घंसौर रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। रेलवे लाइन के पास मौजूद एक युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घंसौर क्षेत्र के नर्मदा नगर निवासी 40 वर्षीय युवक देर रात रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक दूर जाकर गिर पड़ा और उसके शरीर में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर और रेलवे स्टाफ मौके पर पहुंचे। घायल को तुरंत घंसौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान उसके शरीर के कई हिस्सों में फ्रैक्चर की आशंका जताई गई।
युवक की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज जारी है, जबकि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।