जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में ऑटो में सफर के दौरान एक महिला के बैग से नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बड़ा पत्थर गणेशगंज स्कूल के पास रांझी निवासी 30 वर्षीय आरती चक्रवर्ती सिलाई का काम करती हैं। उन्होंने बताया कि 18 जून की दोपहर करीब 2 बजे वह बस स्टैंड जाने के लिए ऑटो क्रमांक एमपी-20 ई-0954 में सवार हुई थीं। उनके बैग में 20 हजार रुपए नकद, सोने की पांचाली, चांदी की एक जोड़ी पायल और एक जोड़ी बिछिया रखी हुई थी।
महिला ने अपना बैग ऑटो में पीछे की ओर रख दिया था। तीन पत्ती क्षेत्र में उतरने के बाद उन्होंने बैग तो साथ ले लिया, लेकिन बैग की चैन खुली होने के बावजूद सामान की जांच नहीं की और दूसरे ऑटो से अपने मायके गंज मोहल्ला बरेला चली गईं।
मायके पहुंचने के कुछ समय बाद जब उन्होंने बैग की जांच की तो उसमें रखे 20 हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवर गायब मिले। आशंका है कि किसी अज्ञात चोर ने सफर के दौरान बैग से सामान पार कर दिया।
रांझी थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया है और ऑटो में मौजूद यात्रियों तथा आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपी की तलाश कर रही है।