जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र में वाहन ओवरटेक करने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष की ओर से सुदामानगर मदनमहल निवासी 25 वर्षीय अभिषेक झारिया ने पुलिस को बताया कि वह अधिवक्ता है। 20 जून को वह अपने साथियों अभिषेक प्रजापति और क्रिस गुप्ता के साथ बाइक से बरगी की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक फोर व्हीलर चालक ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर कट मार दिया और गाड़ी रोककर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बाद में बरगी नगर बायपास ब्रिज के नीचे उसी फोर व्हीलर में सवार सुशील साहू, सावन दुबे, राजा खान और आयुष परिहार ने दोबारा रोककर उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना में तीनों युवकों को चोटें आईं।
वहीं दूसरे पक्ष के सुशील साहू (40 वर्ष) निवासी बसंत नगर बरगी ने शिकायत दर्ज कराई कि वह मोबाइल दुकान संचालित करता है। घटना के दिन वह अपने साथी दुर्गेश बर्मन के साथ कार से बरगी आ रहा था। रास्ते में बाइक सवार युवकों ने उनकी कार के सामने बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद बरगी नगर बायपास के पास फिर विवाद हुआ और आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर धमकी दी।
बरगी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।