जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सरकारी स्कूल के पास रिछाई निवासी 50 वर्षीय छिंगा रैकवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह मजदूरी का काम करता है। 20 जून की रात करीब 11:10 बजे वह अपने घर पर था, तभी पत्नी सविता की आवाज सुनाई दी कि उनके बेटे मोहित रैकवार के साथ बादल कोल, बच्चू कोल और विक्की कोल मारपीट कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि तीनों आरोपी उनके बेटे मोहित रैकवार पर चाकू से हमला कर रहे थे। शोर मचाने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। हमले में मोहित को सिर के पीछे और गर्दन के बाईं ओर गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर पहले गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। घायल मोहित को तत्काल शासकीय अस्पताल रांझी में भर्ती कराया गया।
रांझी थाना पुलिस ने बादल कोल, बच्चू कोल और विक्की कोल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।