जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के कृपाल चौक में देशी कट्टे से गोली चलने की घटना में पुलिस ने घायल युवक के खिलाफ ही आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर की एक्सिस स्कूटी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 20 जून को कृपाल चौक स्थित एक मकान में रहने वाले शुभम ठाकुर (करीब 20 वर्ष) के हाथ में गोली लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को मकान मालिक ने बताया कि शुभम अपने दोस्त के साथ बिना नंबर की सफेद रंग की एक्सिस स्कूटी से आया था। स्कूटी की डिक्की से उसने एक देशी कट्टा निकाला और घर की ओर ले गया।
बताया जा रहा है कि घर का दरवाजा खोलते समय कट्टा लोडेड होने के कारण उसका ट्रिगर गलती से दब गया, जिससे गोली चल गई और शुभम के दाहिने हाथ की भुजा में जा लगी। गोली लगने के बाद घायल शुभम ने कट्टा और कारतूस को घर के बाहर फेंक दिया तथा इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंच गया।
पुलिस ने मौके से देशी कट्टा, कारतूस और स्कूटी को जब्त कर लिया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान शुभम ने पूछताछ में बताया कि वह अपने दोस्त भरत की बिना नंबर की एक्सिस स्कूटी से घर आया था और कट्टे को घर में रखते समय उससे गलती से ट्रिगर दब गया, जिससे वह घायल हो गया।
गढ़ा थाना पुलिस ने शुभम ठाकुर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक के पास अवैध देशी कट्टा कहां से आया और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं है।