जबलपुर - कंचनपुर अधारताल में सौतेले बेटे के सामने ही मयंक सिंह ने पत्नी नेहा की हत्या करने के बाद फांसी पर लटका दिया। इस बात का खुलासा मासूम बच्चे ने किया है। वह तीन दिन तक मां की लाश के साथ घर में डरा-सहमा रहा। हत्या के बाद आरोपी पति मयंक सिंह घर से निकलकर करीब एक किलोमीटर दूर व्हीकल फैक्टरी इस्टेट के खंडहर हो चुके आवास पर फंदा बनाकर झूल गया।
घर में डरा-सहमा मिला 8 साल का बेटा-
तलाशी के दौरान पुलिस को नेहा का 8 वर्षीय बेटा घर के अंदर डरा-सहमा मिला। मयंक घर पर नहीं था। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालकर पूछताछ की गई। बच्चे ने बताया कि उसके पिता मयंक अक्सर शराब पीकर घर आते थे। बेटे ने बताया- मां के साथ अक्सर मारपीट करते थे। शुक्रवार रात भी शराब के नशे में दोनों के बीच विवाद हुआ था। बच्चे के अनुसार, उसके पिता ने ही उसकी मां की हत्या की।
दो साल पहले हुई थी शादी-
पुलिस को पूछताछ में पता चला कि नेहा सिहोरा की रहने वाली थी, जबकि मयंक कटनी जिले के विजयराघवगढ़ का निवासी था। नेहा का यह दूसरा विवाह था। पहले पति की मौत हो चुकी थी। शादी के बाद दोनों आधारताल के न्यू कंचनपुर में किराए के मकान में रह रहे थे। मयंक जबलपुर की एक चॉकलेट फैक्ट्री में काम करता था।
स्पा सेंटर में नौकरी को लेकर होता था विवाद-
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब एक साल पहले मयंक को नेहा के स्पा सेंटर में काम करने की जानकारी मिली थी। इसके बाद दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा। पुलिस के मुताबिक, घरेलू कलह लगातार बढ़ रही थी और कई बार झगड़े भी हुए थे।