जबलपुर - माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रैगवां की वसंत नगर नई बस्ती में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक सनसनीखेज आगजनी की घटना सामने आई है। अज्ञात शरारती तत्व ने घर के बाहर खड़े तीन दोपहिया वाहनों में आग लगा दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार राजेश चौधरी अपने परिवार के साथ रात में भोजन करने के बाद घर में सो रहे थे। इसी दौरान उनके नाना राम चरण चौधरी की नजर अचानक बाहर उठती आग की लपटों पर पड़ी। उन्होंने जोर-जोर से आवाज लगाकर परिवार के लोगों को जगाया। जब सभी लोग घर से बाहर निकले तो देखा कि टेक सिंह अहिरवार के आंगन में खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MP20MT9318, घर के सामने खड़ी सीटी-100 बाइक और एक एक्टिवा स्कूटी धू-धू कर जल रही थीं।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय निवासियों ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक तीनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। आगजनी की इस घटना से पीड़ित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
पीड़ितों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित शरारत या रंजिश का परिणाम है। उनका आरोप है कि किसी अज्ञात असामाजिक तत्व ने जानबूझकर वाहनों में आग लगाई है। घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
सूचना मिलते ही माढ़ोताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आग लगाने वाले आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।