जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में एक किसान से हथियारों के बल पर लूटपाट का मामला सामने आया है। बदमाशों ने चाकू और कट्टा दिखाकर न केवल नकदी और चांदी की चेन लूटी, बल्कि मोबाइल के जरिए ऑनलाइन रकम भी ट्रांसफर करा ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
खेत से लौट रहे किसान को बदमाशों ने घेरा
पुलिस के अनुसार आईटीआई के सामने माढ़ोताल निवासी पुष्पेंद्र पटेल (32) ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह 30 मई की दोपहर अपने खेत ग्राम सेमरा गया था। रात करीब 11:30 बजे वह बजाज चेतक स्कूटर से घर लौट रहा था। इसी दौरान 30 और 31 मई की दरमियानी रात करीब 12:10 बजे अंधमूक बायपास फ्लाईओवर पर तीन अज्ञात बदमाशों ने उसे रोक लिया।
चाकू दिखाकर छीनी चेन और 20 हजार रुपये
पीड़ित के मुताबिक बदमाशों ने चाकू दिखाकर उसके गले से चांदी की चेन और स्कूटर की डिक्की में रखे फसल बिक्री के 20 हजार रुपये लूट लिए। करीब पांच मिनट बाद एक अन्य मोटरसाइकिल से दो युवक वहां पहुंचे और हथियार दिखाकर धमकाने लगे।
मोबाइल से कराया ऑनलाइन ट्रांसफर
आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और गूगल पे खाते से 2 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। बदमाशों ने धमकाकर एक वीडियो भी बनवाया, जिसमें उससे कहलवाया गया कि उसने स्वयं पैसे ट्रांसफर किए हैं और बदले में नकद राशि प्राप्त की है।
पासवर्ड और पिन भी उगलवाया
डराने-धमकाने के दौरान आरोपियों ने मोबाइल नंबर, स्क्रीन लॉक और गूगल पे पिन की जानकारी भी ले ली। इसके बाद उन्होंने खाते से और रकम ट्रांसफर करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पीछा करने पर मोबाइल फेंककर भागे
पीड़ित ने बताया कि जब वह बदमाशों के पीछे दौड़ा और शोर मचाया तो आरोपी मोबाइल फोन फेंककर कटंगी बायपास की ओर भाग निकले। उसने पुलिस को बताया कि सामने आने पर वह आरोपियों की पहचान कर सकता है।
पुलिस जांच में जुटी
संजीवनी नगर पुलिस ने लूट और धमकी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।