जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक कारोबारी के बैंक खातों से 4 लाख 31 हजार 288 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात साइबर अपराधियों ने मोबाइल पर भेजी गई संदिग्ध लिंक के जरिए बैंक खातों तक पहुंच बनाकर रकम निकाल ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बच्चों के गेम खेलने के दौरान हुई ठगी
पुलिस के अनुसार शीतलामाई रोड, घमापुर निवासी सौरभ शर्मा (47) ने bataya की 24 मई को उनके बड़े भाई सिरीश शर्मा का मोबाइल घर पर रखा था, जिस पर बच्चे गेम खेल रहे थे। इसी दौरान मोबाइल पर किसी अज्ञात लिंक के आने और उसके खुल जाने की आशंका है।
तीन बैंक खातों से निकाली रकम
शिकायत के अनुसार मोबाइल से तीन बैंक खाते जुड़े हुए थे। इनमें मंजुलता शर्मा के एसबीआई खाते से 24 मई को 40 हजार और 50 हजार रुपये निकाले गए। वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा में संचालित शिव गैरेज इंटरप्राइजेज के खाते से 24 मई को 95,288 रुपये, 25 मई को 1 लाख रुपये और 26 मई को 1 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए।
इसके अलावा सिरीश शर्मा के एसबीआई खाते से 25 मई को 28 हजार रुपये और 26 मई को 18 हजार रुपये निकाल लिए गए।
कुल 4.31 लाख रुपये की साइबर ठगी
इस तरह अज्ञात साइबर ठगों ने तीनों खातों से कुल 4,31,288 रुपये की धोखाधड़ी कर ली। बैंक खातों से लगातार रकम कटने की जानकारी मिलने पर परिवार ने बैंक और पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ साइबर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल लिंक और संबंधित तकनीकी जानकारी जुटाकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
सावधानी बरतने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल पर आने वाली किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें। बैंक खातों से जुड़े मोबाइल फोन बच्चों को देते समय भी सतर्कता बरतें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत बैंक तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।