akhbaar update

6 हजार के निवेश पर 85 हजार का लालच, सेल्समैन से 1.02 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी

 



जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर निवेश के नाम पर एक सेल्समैन से 1 लाख 2 हजार 125 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार त्रिमूर्ति नगर निवासी चंद्रकांत माव (53) सेल्समैन का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि आर्थिक परेशानियों के चलते वह सोशल मीडिया देख रहे थे। इसी दौरान इंस्टाग्राम पर उन्हें एक रील दिखाई दी, जिसमें 6 हजार रुपये निवेश कर मात्र तीन घंटे में 85 हजार रुपये कमाने का दावा किया गया था।

टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर दिया निवेश का झांसा

रील में दिए गए निर्देशों के अनुसार संपर्क करने पर ठगों ने उन्हें टेलीग्राम के "Lakshmi Income Strategy" और बाद में "Lakshmi India" नामक ग्रुप से जोड़ लिया। इसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग खातों और यूपीआई आईडी पर रकम जमा कराई जाने लगी।

किस्तों में जमा कराए एक लाख से अधिक रुपये

ठगों ने पहले 5,999 रुपये निवेश कराने के बाद वेरिफिकेशन, राउंड ऑफ चार्ज, अमाउंट क्लियरेंस और करेंसी एक्सचेंज शुल्क जैसे बहाने बनाकर कई बार रकम जमा कराई। पीड़ित ने 21 से 27 अप्रैल 2026 के बीच अलग-अलग खातों में कुल 1,02,125 रुपये ट्रांसफर कर दिए।

फिर मांगे 36 हजार रुपये

रकम जमा होने के बाद भी ठगों ने कथित अंतरराष्ट्रीय मनी एक्सचेंज प्लेटफॉर्म शुल्क के नाम पर 36,111 रुपये और जमा करने की मांग की। बदले में 3 लाख 1 हजार 890 रुपये लौटाने का झांसा दिया गया। इस दौरान पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने अतिरिक्त रकम जमा नहीं की।

पुलिस ने दर्ज किया साइबर ठगी का मामला

गोहलपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और साइबर अपराध से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक खातों, यूपीआई आईडी और टेलीग्राम अकाउंट की जानकारी जुटाकर आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस की सलाह

पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर दिखने वाले निवेश और दोगुना-तीन गुना मुनाफा देने वाले ऑफरों से सावधान रहने की अपील की है। किसी भी अनजान लिंक, टेलीग्राम ग्रुप या निवेश योजना में पैसे लगाने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update