akhbaar update

तेज आंधी से योग दिवस मंच का ढांचा गिरा, तीन लोग मलबे में दबे

 

जबलपुर। गैरिसन ग्राउंड सदर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों के बीच शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल पर बन रहे मुख्य मंच का लोहे का शेड तेज आंधी के चलते अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर दो मजदूर और एक कार्यकर्ता मलबे में दब गए।

जानकारी के मुताबिक, 21 जून को आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम को लेकर गैरिसन ग्राउंड में तैयारियां अंतिम दौर में चल रही थीं। मंच पर टिन और लोहे की पाइपों से तैयार किए जा रहे शेड को मजबूत करने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज हवा चलने लगी।

तेज हवाओं के कारण मंच के ऊपर लगाया गया लोहे का ढांचा और 'योगमय मध्य प्रदेश' बोर्ड अपना संतुलन खो बैठा और नीचे आ गिरा। हादसे के समय नीचे मौजूद दो मजदूर और एक कार्यकर्ता इसकी चपेट में आ गए।

घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को मलबे से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल भी मौके पर पहुंच गए।

बता दें कि रविवार को इसी गैरिसन ग्राउंड में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शामिल होने वाली हैं। हादसे के बाद कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update