akhbaar update

पन्ना में कड़िया सांसी गिरोह की दो महिला चोर गिरफ्तार, जबलपुर में भी वारदातों का शक

 





पन्ना - देवेन्द्र नगर में पुलिस ने कड़िया सांसी गिरोह की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाएं भारतीय स्टेट बैंक (SBI) परिसर में संदिग्ध हालत में घूम रही थीं और बैंक आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रही थीं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में महिलाओं ने अपनी पहचान राजगढ़ जिले के कड़िया सांसी गांव निवासी मंजू सिसोदिया (30) और अंबिका सिसोदिया (40) के रूप में बताई। पुलिस ने दोनों की तस्वीरें और जानकारी अन्य जिलों की पुलिस के साथ साझा की, जिसके बाद कई चौंकाने वाले खुलासे हुए।

जांच में सामने आया कि दोनों महिलाओं ने हाल ही में सतना में बैंक से पैसे निकालकर निकले एक व्यक्ति से करीब 77 हजार रुपये चोरी किए थे। वहीं उमरिया में भी एक व्यक्ति की रेकी कर लगभग 60 हजार रुपये की नकदी पार कर दी थी।

पुलिस को आशंका है कि दोनों महिलाओं ने जबलपुर सहित कई अन्य जिलों में भी इसी तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। इस संबंध में उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह बैंक के अंदर और बाहर निगरानी रखता था। जैसे ही कोई व्यक्ति बड़ी रकम निकालकर बाहर निकलता, ये उसका पीछा करतीं और मौका मिलते ही नकदी से भरा बैग या रकम चोरी कर फरार हो जाती थीं।

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और विभिन्न जिलों में हुई चोरी की वारदातों के संबंध में जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update