akhbaar update

बिजली पोल में उतरे करंट से युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

 


मंडला - जहरमऊ गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक अक्षय यादव की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह अपने घर के बाहर लगे नल से पानी भर रहा था। नल के पास स्थित बिजली के पोल में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।

परिजन तत्काल अक्षय को बम्हनी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अक्षय यादव पेशे से ड्राइवर था और ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सिवनी-मंडला मार्ग स्थित कान्हा तिराहे पर युवक का शव रखकर चक्काजाम कर दिया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बिजली के पोलों में करंट आने की शिकायतें पहले भी कई बार विभागीय अधिकारियों को दी गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण एक युवक की जान चली गई।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने तथा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा कर उचित कार्रवाई और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर मार्ग से जाम हटाया।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं बिजली विभाग की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायतों पर ध्यान दिया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update