akhbaar update

घर में टीवी देखते-देखते लापता हुआ युवक, तीन दिन बाद भी नहीं लगा सुराग; परिजन परेशान

 



जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के दीक्षितपुरा स्थित भंडारी बाबा मंदिर के पास रहने वाला 24 वर्षीय यश विश्वकर्मा उर्फ छोटू रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। युवक 19 जून की दोपहर करीब 3 बजे घर में टीवी देख रहा था, तभी परिजन आराम कर रहे थे और इसी दौरान वह बिना किसी को बताए घर से कहीं चला गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है।

यश की मां सविता विश्वकर्मा ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार युवक का कद करीब 5 फीट 7 इंच, रंग गोरा, चेहरा लंबा, बाल काले और शरीर दुबला है। उसके होंठ पर एक तिल है। घटना के समय उसने क्रीम रंग की टी-शर्ट, काले रंग का लोअर और नीले रंग की चप्पल पहन रखी थी। उसका मोबाइल नंबर भी लगातार बंद आ रहा है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है।

युवक के माता-पिता और परिजनों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बेटे के अचानक गायब होने से पूरा परिवार सदमे में है और लगातार उसकी सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहा है।

परिजनों का आरोप है कि गुमशुदगी दर्ज होने के बावजूद अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। जैसे-जैसे समय बीत रहा है, परिवार की बेचैनी और चिंता बढ़ती जा रही है। परिजनों ने पुलिस से युवक की जल्द से जल्द तलाश करने की मांग की है।

पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी को यश विश्वकर्मा के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update