जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में चोरी की एक वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने एक निर्माणाधीन मकान में घुसकर वहां रखा सामान पार कर दिया। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब पड़ोसियों ने मकान मालिक को चोरी की सूचना दी।
जानकारी के अनुसार धनवंतरी नगर निवासी रामलाल तिवारी के परिवार का ग्राम चौरी पथरिया में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बन रहा है। निर्माण स्थल पर मजदूरी और अन्य कार्यों में उपयोग होने वाला सामान रखा हुआ था।
14 जून की सुबह जब परिजनों को चोरी की जानकारी मिली तो मौके पर पहुंचकर देखा गया कि बदमाश लोहे की तगाड़ियां, सब्बल, गैंती, कुकर, वेंटिलेटर ग्रिल के अलावा जींस और टी-शर्ट सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे।
घटना की शिकायत भेड़ाघाट थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ चोरी गए सामान और आरोपियों की तलाश की जा रही है।