जबलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 20 और 21 जून को प्रस्तावित जबलपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। 21 जून को शहर में राष्ट्रपति का कार्यक्रम, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और नीट परीक्षा जैसे तीन बड़े आयोजन एक साथ होने के कारण सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में शामिल होंगी, जबकि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन गैरिसन मैदान में आयोजित किया जाएगा। इसी दिन जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर नीट परीक्षा भी होगी, जिसमें 10 हजार 426 से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे।
15 किलोमीटर क्षेत्र में ड्रोन और उड़ने वाली वस्तुओं पर रोक
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार डुमना विमानतल, गैरिसन ग्राउंड, सर्किट हाउस क्रमांक-1, एमईएस रेस्ट हाउस, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय और डुमना से गैरिसन मैदान तक के मार्ग की 15 किलोमीटर परिधि में सभी प्रकार की उड़ान गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून सहित किसी भी प्रकार की फ्लाइंग ऑब्जेक्ट के संचालन की अनुमति नहीं होगी।
एसपी सम्पत उपाध्याय ने कहा कि राष्ट्रपति की सुरक्षा को देखते हुए यह प्रतिबंध लगाया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वायुयान अधिनियम 1934 और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नीट परीक्षार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि तीनों कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। नीट परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।
बरगी और मंगेली जैसे दूरस्थ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले परीक्षार्थियों के लिए पेंटीनाका से विशेष बस सेवा संचालित की जाएगी, जिससे वे समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।
योग दिवस में शामिल होंगे हजारों लोग
21 जून को गैरिसन मैदान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में राष्ट्रपति भी शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में चार हजार से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।