जबलपुर। गोसलपुर थाना क्षेत्र में देर रात चाकू की नोक पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने एक निजी लाइनमैन को रोककर उसके साथ मारपीट की, चाकू से हमला कर नकदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मोहला निवासी अजीत कुमार पटेल (32 वर्ष) गोसलपुर पावर हाउस में प्राइवेट लाइनमैन के रूप में कार्यरत हैं। 16 जून 2026 की रात करीब 9 बजे वह ग्राम मुस्करा में बिजली की लाइन ठीक करने के बाद अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-20 जेडसी-9637 से वापस गोसलपुर लौट रहे थे।
रात करीब 11:30 बजे जब वह राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर गोसलपुर से करीब 200 मीटर पहले पहुंचे, तभी 20-22 वर्षीय एक युवक ने हाथ देकर उन्हें रोका। रुकते ही आरोपी ने चाकू निकालकर पैसे मांगे और उनकी जेब में रखे 1200 रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया।
जब अजीत ने विरोध किया तो आरोपी ने चाकू से उनके दाहिने हाथ और कमर में वार कर घायल कर दिया। इसी दौरान आरोपी के दो-तीन अन्य साथी भी वहां पहुंच गए। बदमाश अजीत की मोटरसाइकिल भी लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद घायल अजीत जान बचाने के लिए खेतों की ओर भाग गए। अंधेरा होने के कारण वह आरोपियों को पहचान नहीं सके। कुछ देर बाद उन्हें होश आया तो वह पैदल हाईवे पर पहुंचे और एक पंचर दुकान पर जाकर मदद मांगी।
गोसलपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4), 126(2) और 118(1) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।