akhbaar update

ढाबे पर बदमाशों का हमला, पैसे मांगने पर संचालक और कर्मचारियों को पीटा

 



जबलपुर - पनागर थाना क्षेत्र स्थित गांधीग्राम के सतना ढाबा में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ बदमाशों ने खाने के पैसे मांगने पर ढाबा संचालक और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। घटना में कई लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के कुख्यात बदमाश राज यादव और जीत रैकवार अपने साथियों के साथ ढाबे पर खाना खाने पहुंचे थे। भोजन करने के बाद जब ढाबा संचालक ने बिल का भुगतान करने के लिए कहा, तो आरोपी भड़क गए। उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर लाठी, डंडे तथा बेसबॉल बैट से हमला कर दिया।

करीब 10 मिनट तक ढाबे में जमकर मारपीट और तोड़फोड़ होती रही। हमले से वहां मौजूद ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे। हमले में ढाबा संचालक समेत कई कर्मचारी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

घटना की पूरी वारदात ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी राज यादव और जीत रैकवार के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पनागर पुलिस ने नामजद आरोपियों और उनके अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update