सिंगरौली - जियावन थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में गुरुवार सुबह गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की 6 गुमटियां इसकी चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं। हालांकि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, एक चाय-समोसे की दुकान में रखा गैस सिलेंडर अचानक फट गया। धमाके के बाद लगी आग ने पास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि सूचना देने के लगभग 45 मिनट बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक अधिकांश दुकानें जलकर राख हो चुकी थीं। बाद में दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे अन्य प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक दिया।
एसडीओपी गायत्री तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण सिलेंडर ब्लास्ट सामने आया है। प्रशासन ने नुकसान का सर्वे शुरू कर दिया है और प्रभावित दुकानदारों को सहायता दिलाने की प्रक्रिया जारी है।