जबलपुर। मध्य प्रदेश में 5, 10 और 20 रुपये के सिक्कों एवं छोटे नोटों की बढ़ती कमी को लेकर मानव अधिकार एवं अपराध नियंत्रण संगठन ने चिंता जताई है। संगठन ने भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के गवर्नर को ज्ञापन भेजकर प्रदेश में चिल्लर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और वितरण व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।
संगठन के जबलपुर अध्यक्ष डॉ. अजय वाधवानी ने बताया कि छोटे मूल्यवर्ग की मुद्रा की कमी से आम नागरिकों, व्यापारियों, मेडिकल स्टोर, किराना दुकानदारों, परिवहन सेवाओं और रोजमर्रा के लेन-देन करने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। कई बैंक शाखाओं में भी पर्याप्त मात्रा में चिल्लर उपलब्ध नहीं है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है।
संगठन का आरोप है कि कुछ स्थानों पर चिल्लर की जमाखोरी और कृत्रिम कमी पैदा की जा रही है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। ज्ञापन में मांग की गई है कि चिल्लर की कालाबाजारी और अवैध रूप से रोककर रखने वालों के खिलाफ प्रभावी कानूनी प्रावधान बनाए जाएं तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
संगठन ने RBI और बैंकों से प्रदेशभर में विशेष चिल्लर वितरण अभियान चलाने, बैंक शाखाओं में 5, 10 और 20 रुपये के सिक्के एवं नोट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने तथा वितरण प्रणाली की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है।
यह ज्ञापन संगठन के संरक्षक डॉ. आमित सिसोदिया के मार्गदर्शन में तैयार किया गया। इस दौरान भावना निगम, आशीष त्रिपाठी, डॉ. अभिषेक जैन, डॉ. आनंद बेहरानी, रोशन मंध्यानी, अमित खत्री, अमित शर्मा, डॉ. श्रीकांत साहू सहित संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।