akhbaar update

मंडला में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर मौत

 




मंडला। - नादिया तिराहे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक बिजली का खंभा तोड़ते हुए मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान उमेश सिंगोर (42) निवासी नांदिया, भुवन लाल सिंगोर (36) निवासी नांदिया और मुन्ना भांवरे (50) निवासी पेटेगांव के रूप में हुई है। तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे, तभी पीछे से आए अज्ञात भारी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। तीनों शवों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। गांव के तीन लोगों की एक साथ मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सड़क सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

मौके पर पहुंचे तहसीलदार हीरा लाल तिवारी ने बताया कि नादिया तिराहे के पास किसी अज्ञात भारी वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, जिससे तीनों लोगों की मौके पर मौत हो गई। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और फरार वाहन की तलाश के लिए पुलिस द्वारा जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update