भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार 11 जून को प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग ने कई क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार 11 जून की सुबह से 12 जून की सुबह तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान कई स्थानों पर बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
विभाग ने रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, विदिशा, सीहोर और पांढुर्णा जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने के कारण प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय बनी हुई हैं। इसी वजह से दोपहर और शाम के समय बादलों का तेजी से विकास हो रहा है, जिससे कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की जा रही है। आने वाले दिनों में मानसून के आगे बढ़ने के साथ मौसम की गतिविधियों में और तेजी आ सकती है।
मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों में जाने से बचें तथा आकाशीय बिजली की स्थिति में पेड़ों, बिजली के खंभों और ऊंचे स्थानों से दूर रहें। किसानों को खेतों में कार्य करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने की सलाह भी दी गई है।
प्रदेश में लगातार बदल रहे मौसम के बीच लोगों को अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।