akhbaar update

महाकाल मंदिर में ‘पुष्पा’ गेटअप वाले युवक को मिली वीआईपी एंट्री, वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई

 





उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकालेश्वर मंदिर में नियमों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। फिल्मी किरदार के गेटअप में पहुंचे एक युवक को विशेष प्रवेश दिए जाने और मंदिर परिसर में वीडियो बनाने का मामला सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन ने कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, युवक साड़ी-ब्लाउज, पायल, चूड़ियां, नथनी और गले में माला पहनकर मंदिर पहुंचा था। उसके इस अलग अंदाज को देखकर जहां श्रद्धालु हैरान रह गए, वहीं कुछ कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी उसके साथ सेल्फी और वीडियो बनाते नजर आए। बताया जा रहा है कि युवक को सामान्य श्रद्धालुओं की कतार से अलग विशेष सुविधा देते हुए गणेश मंडपम तक दर्शन के लिए ले जाया गया।

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब युवक अंकित अस्टोलिया ने मंदिर परिसर में बनाए गए वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दिया। देखते ही देखते वीडियो पर हजारों व्यूज आ गए और यह तेजी से वायरल होने लगा। इसके बाद लोगों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए।

गौरतलब है कि महाकाल मंदिर परिसर के भीतर मोबाइल फोन ले जाने, फोटोग्राफी करने और वीडियो बनाने पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद युवक द्वारा मंदिर परिसर में वीडियो बनाए गए और वायरल भी कर दिए गए। हैरानी की बात यह रही कि जिन कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों पर इन नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी है, वे ही युवक के साथ फोटो और वीडियो बनवाते दिखाई दिए।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए महाकाल मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्र के सुपरवाइजर को पद से हटा दिया। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि युवक को विशेष प्रवेश किस आधार पर दिया गया, मंदिर परिसर में वीडियो कैसे बनाए गए और सुरक्षा व्यवस्था में चूक के लिए कौन जिम्मेदार है। वहीं श्रद्धालुओं ने मांग की है कि मंदिर में सभी के लिए समान नियम लागू हों और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update