akhbaar update

मंडला में तीर्थयात्रियों से भरी बस पलटी, 25 घायल, 11 की हालत गंभीर

 


मंडला - बीजाडांडी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ के दुर्ग से वृंदावन दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस मोइयानाला के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में करीब 25 यात्री घायल हो गए, जिनमें 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बस में लगभग 50 श्रद्धालु सवार थे। सुबह करीब 5:30 बजे अचानक चालक का नियंत्रण बस पर से हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और यात्री मदद के लिए पुकारने लगे।

सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से बीजाडांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 11 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

हादसे के बाद सुरक्षित बचे यात्रियों को पास के राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में ठहराया गया है, जहां प्रशासन द्वारा भोजन और रहने की व्यवस्था की गई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update