akhbaar update

जबलपुर में नाला सफाई अभियान तेज, 154 में से 126 बड़े नालों की सफाई पूरी

  




जबलपुर -मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने नाला सफाई अभियान तेज कर दिया है। महापौर जगत बहादुर सिंह "अन्नू" ने निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, एमआईसी सदस्यों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ कमला नेहरू नगर वार्ड का निरीक्षण कर सफाई कार्यों का जायजा लिया।

महापौर ने बताया कि शहर के 154 बड़े नालों में से 126 नालों की सफाई पूरी हो चुकी है, जबकि शेष 28 नालों पर तेजी से काम जारी है। नगर निगम द्वारा 10 हिटाची मशीनें, 24 जेसीबी, 24 डंपर, 23 मिनी हिटाची और 33 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से नालों की सफाई कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि केवल बड़े नाले ही नहीं, बल्कि शहर के सभी 79 वार्डों की छोटी नालियों की भी सफाई की जा रही है ताकि बारिश के दौरान पानी जमा न हो। पिछले 45 दिनों से यह अभियान लगातार चल रहा है।

महापौर के अनुसार शहर में 4000 सफाई मित्र और 375 डोर-टू-डोर वाहन सफाई कार्य में लगे हुए हैं। उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि निगम की पूरी टीम और प्रशासनिक अमला 24 घंटे सेवा के लिए तैयार है और इस बार वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या को काफी हद तक कम किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, एमआईसी सदस्य रजनी कैलाश साहू, अंशुल राघवेन्द्र यादव, विवेकराम सोनकर तथा स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update