akhbaar update

जहरीला पदार्थ पिलाने से युवक की मौत का आरोप, इलाके में सनसनी

 


जबलपुर। ललपुर नई बस्ती इलाके में हेमंत बर्मन नामक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि कुछ दिन पहले हेमंत का स्थानीय युवकों से विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत पुलिस में भी की गई थी। उसी रंजिश के चलते 4 आरोपी युवक उसके घर पहुंचे और जबरदस्ती जहरीला पदार्थ पिला दिया। हालत बिगड़ने पर हेमंत को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के अनुसार पुराने विवाद के बाद से आरोपी पक्ष लगातार रंजिश रखे हुए था। घटना वाले दिन आरोपी अचानक घर पहुंचे और विवाद शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने आए परिवार के लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने हेमंत को जहरीला पदार्थ पिला दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

मृतक की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि पहले की शिकायत पर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती तो यह घटना नहीं होती। फिलहाल पुलिस ने मामला जांच में ले लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। वहीं इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update