सिवनी- एमपी के सिवनी जिले के गवारी गांव में एक 35 वर्षीय युवक ने 30 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दी। ग्रामीणों की सजगता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से युवक को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
युवक को कुएं में कूदते देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिससे मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही घंसौर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम और ग्रामीणों ने रस्सियों और खटिया की मदद से संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला।
कुएं से निकाले गए युवक की पहचान केवलारी निवासी बीरू यादव (35) के रूप में हुई है। युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे पहले घंसौर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है, जिसकी वजह से एक कीमती जान बचाई जा सकी।