akhbaar update

सेंट एलायसिस स्कूल पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप, कर्मचारियों ने पुलिस से की शिकायत

 


जबलपुर। शहर के सेंट एलायसिस स्कूल में कार्यरत महिला सफाई कर्मचारियों और अन्य स्टाफ ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उन पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।

पीड़ित कर्मचारियों के समर्थन में हिंदू धर्म सेना भी सामने आई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

महिला कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि स्कूल में नए फादर सोमी जैकब के आने के बाद चर्च आने और ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बढ़ गया। कर्मचारियों का कहना है कि उनसे कहा गया कि नौकरी जारी रखने के लिए ईसाई धर्म स्वीकार करना होगा, अन्यथा नौकरी छोड़नी पड़ेगी।

दीपा पटेल ने बताया कि वह वर्ष 2024 से स्कूल में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्य कर रही थीं। उनके अनुसार पहले ऐसा माहौल नहीं था, लेकिन हाल के महीनों में कर्मचारियों को चर्च बुलाया जाने लगा। मना करने वाले कर्मचारियों को काम से हटा दिया गया।

वहीं कटंगी निवासी राजेश वाल्मीकि ने बताया कि उन्होंने 12 वर्षों तक स्कूल में काम किया। छुट्टी के बाद लौटने पर उन्हें स्कूल में प्रवेश नहीं दिया गया और बाद में नौकरी छोड़ने के लिए कहा गया।

मामले को लेकर हिंदू धर्म सेना के प्रदेश अध्यक्ष नीरज राजपूत ने आरोप लगाया कि कुछ संस्थानों में नौकरी के नाम पर धर्मांतरण का दबाव बनाया जा रहा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर प्रदर्शन किया जाएगा।

इस संबंध में सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पुलिस को लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और नौकरी से निकालने के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
akhbaar update
akhbaar update